रविवार को जामताड़ा के नाला में अखिल भारतीय छात्र नौजवान संघ के बैनर तले देश और प्रदेश की भ्रष्ट शिक्षा व्यवस्था, NEET पेपर लीक और दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनशनरत पर्यावरणविद् एवं समाज सुधारक सोनम वांगचुक के समर्थन में नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि देश में शिक्षा और रोजगार को लेकर केंद्र और राज्य दोनों की सरकारें संवेदनशील नहीं हैं। हर प्रतियोगी परीक्षा में पेपर लीक होने से छात्रों का भविष्य अंधकार में जा रहा है। NEET पेपर लीक के कारण कई छात्र आत्महत्या तक करने को मजबूर हुए हैं।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक देश में शांतिपूर्ण धरना, प्रदर्शन और हंगर स्ट्राइक हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। लेकिन दिल्ली के जंतर-मंतर मैदान में पिछले 20 दिनों से अनशन कर रहे सोनम वांगचुक की सरकार और उसके प्रतिनिधियों ने अब तक सुध तक नहीं ली।
बीते दिन दिल्ली पुलिस द्वारा जबरन उन्हें उठा ले जाना लोकतंत्र पर सीधा हमला है। केंद्र सरकार की यह तानाशाही रवैया आंदोलन को कुचलने की साजिश है।इस दौरान छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने शिक्षा प्रणाली में सुधार और पेपर लीक पर ठोस कार्रवाई नहीं की, तो आने वाले दिनों में देश भर में आंदोलन और तेज किया जाएगा।
इस नुक्कड़ सभा को छात्र संघ के जिला अध्यक्ष सुदन मुर्मू और नौजवान संघ के जिला प्रभारी मिहिर मंडल ने संबोधित किया। इस दौरान अशोक पाल, संजय पाल, मिलन मंडल, सौरभ माजी, प्रशांत पाल सहित बड़ी संख्या में छात्र साथी उपस्थित थे।सभा के अंत में केंद्र सरकार से मांग की गई कि सोनम वांगचुक की मांगों पर तुरंत वार्ता की जाए और शिक्षा में व्याप्त भ्रष्टाचार व पेपर लीक पर कठोर कानून बनाकर दोषियों को सजा दी जाए।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट