इंडिया गठबंधन की बैठक में केंद्र और चुनाव आयोग पर निशाना, 7 अक्टूबर को ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी तथा झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर सोमवार को नाला प्रखंड कांग्रेस कार्यालय में इंडिया गठबंधन की सर्वदलीय बैठक हुई। जहां निर्णय लिया गया कि 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक लोकतंत्र बचाओ-देश बचाओ सप्ताह मनाया जाएगा।

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी तथा झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर सोमवार को नाला प्रखंड कांग्रेस कार्यालय में इंडिया गठबंधन की सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष समर माजी ने की। बैठक में मुख्य रूप से नाला विधानसभा प्रभारी प्रभु मंडल, सीपीआई के जिला सचिव कन्हाई चंद्र माल पहाड़िया, कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष पंकज झा,भवसिंधु लायक समेत गठबंधन के सभी घटक दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक  लोकतंत्र बचाओ-देश बचाओ  सप्ताह मनाया जाएगा। नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र की सत्ता पक्ष भाजपा द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इशारे पर वोट चोरी कर चुनाव जीता जा रहा है।

इस दौरान कांग्रेस के नाला विधानसभा प्रभारी प्रभु मंडल ने कहा कि देश में लोकतंत्र खतरे में है। भाजपा चुनाव आयोग को कठपुतली बनाकर लोकतंत्र की हत्या कर रही है। हमारा यह अभियान बूथ स्तर तक जाएगा और जनता को सच्चाई बताएंगे।

मौके पर सीपीआई के जिला सचिव कन्हाई चंद्र मालपहाड़िया ने कहा कि 7 अक्टूबर को नाला प्रखंड क्षेत्र के बजरंगबली चौक से पूरे बाजार का भ्रमण करते हुए आक्रोश मार्च निकाला जाएगा और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के इशारे पर एसआईआर जैसे मुद्दे को लाकर बीजेपी अपना वोट बैंक बढ़ाना चाहती है, जो बहुत ही निंदनीय है।

मौके पर झामुमो के युवा मोर्चा राजू दास ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भाजपा के इशारे पर काम कर रही है, यह सरासर गलत है।इस दौरान उन्होंने चेतावनी दिया कि 7 अक्टूबर को नाला में जुलूस निकाला जाएगा और ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया जाएगा जिसमें सैकड़ो की संख्या में सदस्य मौजूद रहेंगे। मौके पर इंडिया गठबंधन के नेता गुलशन अली,तपन राउत,गयाप्रसाद मिर्धा, दयामय घोष,जितेंद्र मंडल,मिहिर मंडल, नारद घोष,साधुचरण माजी आदि उपस्थित रहे।

जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट