जामताड़ा में अवैध खनन पर सख्ती, छापेमारी में 32 क्विंटल कोयला और बालू से भरा ट्रैक्टर जब्त

जामताड़ा में अवैध खनन पर सख्ती, छापेमारी में 32 क्विंटल कोयला और बालू से भरा ट्रैक्टर जब्त

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 12, 2026, 6:04:00 PM

जामताड़ा जिले में अवैध खनन और खनिजों की तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से खनन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को विभाग की टीम ने पुलिस के सहयोग से नारायणपुर और जामताड़ा थाना क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया, जिसके दौरान अवैध कोयला और बालू की ढुलाई के मामलों का खुलासा हुआ।

जांच के दौरान नारायणपुर थाना क्षेत्र के पांडेडीह मोड़ के पास टीम ने चार मोटरसाइकिलों पर ले जाया जा रहा अवैध कोयला पकड़ लिया। हालांकि कार्रवाई की भनक लगते ही कोयला लेकर जा रहे लोग मौके से फरार हो गए। अधिकारियों ने मोटरसाइकिलों के साथ लगभग 32 क्विंटल कोयला जब्त कर लिया। इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए नारायणपुर थाना में आवेदन भी दिया गया है।

इसी अभियान के दौरान जामताड़ा थाना क्षेत्र में भी एक ट्रैक्टर को अवैध रूप से बालू ढोते हुए पकड़ा गया। वाहन को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

खनन निरीक्षक अखिलेश कुमार ने बताया कि जिले में अवैध खनन और खनिजों की तस्करी को रोकने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोयला और बालू की अवैध ढुलाई के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

वहीं जामताड़ा थाना प्रभारी मुराद हसन के अनुसार इस मामले में कांड संख्या 25/26 दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।