जामताड़ा : मोहनाबांक-नाला पीडब्ल्यूडी पथ के अधूरे निर्माण कार्य को पूरा करने की दिशा में रविवार को पहल की गई। मोहनाबांक मोड़ पर झारखंड विधानसभा अध्यक्ष सह नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो ने शिलापट्ट का अनावरण कर और नारियल फोड़कर शेष निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस सड़क का निर्माण कार्य कुछ जमीन संबंधी और तकनीकी अड़चनों के कारण अधूरा रह गया था। इससे स्थानीय लोगों सहित इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
सड़क विकास की पहली सीढ़ी - विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो
वहीं प्रशासनिक पहल के बाद संबंधित बाधाओं को दूर कर शेष निर्माण कार्य शुरू करने का रास्ता साफ हुआ है। इससे क्षेत्र के लोगों में सड़क निर्माण पूरा होने की उम्मीद जगी है। रवींद्रनाथ महतो शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि मोहनाबांक-नाला पीडब्ल्यूडी पथ का कुछ हिस्सा अधूरा रहने के कारण लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। जमीन संबंधी और तकनीकी समस्याओं के कारण निर्माण कार्य बाधित था, लेकिन अब इन बाधाओं को दूर कर लिया गया है।
रवींद्रनाथ महतो ने कहा- नाला विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है
उन्होंने कहा कि नाला विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। सड़क विकास की पहली सीढ़ी है। बेहतर सड़क होने से लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और बाजार तक पहुंचने में सुविधा मिलती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को इसका लाभ मिल सके।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा- क्षेत्र में सड़क, पुल व पुलिया जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए चरणबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में सड़क, पुल और पुलिया जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए चरणबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। जनता ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरना उनका लक्ष्य है। सड़क निर्माण पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और विकास कार्यों को भी गति मिलेगी। इसी मौके पर जिला सचिव परेश यादव, कमलेश मंडल, नित्यानंदन गोस्वामी, मारुति सिंह, नारायण चंद्र महतो, सोना यादव, भागवत यादव, अनुप महतो और विनोद राउत सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट