जामताड़ा: झारखंड के जामताड़ा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में गुरुवार को पीपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। एसपी शम्भु कुमार सिंह ने दो पुलिसकर्मियों को पदोन्नति मिलने पर उनके कंधे पर नया बैच और स्टार लगाकर सम्मानित किया।
इस समारोह में वीरता के लिए राष्ट्रपति पदक / पुलिस पदक से अलंकृत एवं पुलिस मुख्यालय के आदेश पर पारी से बाहर अगली पंक्ति में प्रोन्नत जिला बल के पुअनि सुशील टुडू को पुलिस निरीक्षक के पद पर तथा आरक्षी-1337 छोटेलाल कुमार को सहायक अवर निरीक्षक के पद पर प्रोन्नत किया गया।
एसपी ने दोनों नव प्रोन्नत पदाधिकारियों को बुके देकर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पदोन्नति के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ती है। निष्पक्षता, न्याय की रक्षा, जनता में सुरक्षा का भाव, नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता और बिना किसी दबाव व प्रलोभन के कानून के दायरे में कार्य करना ही एक आदर्श पुलिसकर्मी की पहचान है। मौके पर पुलिस उपाधीक्षक (मु) नीलम कुजूर, परिचारी प्रवर अजीत कुमार चौबे, पुलिस केन्द्र जामताड़ा सहित कार्यालय के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
जामताड़ा से संतोष की रिपोर्ट