भाजपा का हल्ला बोल, छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में 11 सितंबर को समाहरणालय का करेगी घेराव

भारतीय जनता पार्टी जामताड़ा जिला इकाई की एक महत्वपूर्ण मासिक बैठक बुधवार को बुधुडीह स्थित जिला कार्यालय में संपन्न हुई। आगामी 11 सितंबर को उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समक्ष प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन और घेराव कार्यक्रम की रणनीति पर चर्चा।

भारतीय जनता पार्टी जामताड़ा जिला इकाई की एक महत्वपूर्ण मासिक बैठक बुधवार को बुधुडीह स्थित जिला कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने की। बैठक में आगामी 11 सितंबर को उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समक्ष प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन और घेराव कार्यक्रम की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व दुमका सांसद सुनील सोरेन उपस्थित रहे। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर पूरे झारखंड में हेमंत सरकार की छात्र विरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन किया जा रहा है। 

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे निर्दोष छात्रों पर बर्बर लाठीचार्ज करवाया और उनके ऊपर झूठे मुकदमे दर्ज कराए हैं।कहा कि सरकार अविलंब छात्रों पर दर्ज झूठे मुकदमे वापस ले, अन्यथा भाजपा सड़क से लेकर विधानसभा तक उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।

मौके पर जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। जो छात्र सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, उन्हें मुकदमों में फंसाया जा रहा है। जो भी सरकार के खिलाफ बोलता है, उसकी आवाज को झूठे केस दर्ज कर कुचलने की कोशिश होती है। भाजपा कार्यकर्ता इस दमन से डरने वाले नहीं हैं। 11 सितंबर को हजारों की संख्या में कार्यकर्ता समाहरणालय के समक्ष हल्ला बोल करेंगे।

वहीं पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल ने कहा कि छात्रों की मांगे पूरी तरह जायज थीं, लेकिन सरकार ने उनकी मांगों को मानने के बजाय लाठीचार्ज कर अत्याचार किया। सरकार तरह-तरह के हथकंडे अपनाकर छात्रों को परेशान कर रही है, जिसका भाजपा पुरजोर विरोध करती है।

जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट