विधानसभा अध्यक्ष और सांसद ने किया PMGSY का शिलान्यास, ग्रामीणों को मिलेगी आवागमन में सुविधा

नाला विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण संपर्क को सुदृढ़ करने के लिए गुरुवार को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत धंसनिया (भातुडीह) से आमशहरी, भाया फुलशहरी-कालुडीह तक बनने वाली सड़क का शिलान्यास किया गया।

जामताड़ा : नाला विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण संपर्क को सुदृढ़ करने के लिए गुरुवार को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत धंसनिया (भातुडीह) से आमशहरी, भाया फुलशहरी-कालुडीह तक बनने वाली सड़क का शिलान्यास किया गया। शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्य रूप से विधानसभा अध्यक्ष सह नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो और दुमका सांसद नलिन सोरेन उपस्थित रहे। इस सड़क के बनने से धंसनिया, भातुडीह, फुलशहरी, कालुडीह और आमशहरी सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। 

विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा- नाला विधानसभा में आधारभूत संरचना का विकास प्राथमिकता है

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि नाला विधानसभा में आधारभूत संरचना का विकास प्राथमिकता है। सड़कें सिर्फ आने-जाने का रास्ता नहीं, बल्कि विकास और प्रगति की कड़ी हैं। आने वाले दिनों में नाला विधानसभा के हर प्रखंड में दर्जनों सड़कों का शिलान्यास किया जाएगा ताकि लोगों को कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। झारखंड सरकार पूरे राज्य के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।

दुमका सांसद नलिन सोरेन ने कहा- PMGSY योजना से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों का कायाकल्प हो रहा है

दुमका सांसद नलिन सोरेन ने कहा कि पीएमजीएसवाई योजना से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों का कायाकल्प हो रहा है। यह सड़क इस क्षेत्र के लोगों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। किसानों को बाजार तक पहुंचने, बच्चों को स्कूल जाने और मरीजों को अस्पताल जाने में आसानी होगी। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर गांव-गांव तक विकास पहुंचा रही है। मौके पर सैकड़ो ग्रामीण के साथ कार्यकर्ता  उपस्थित रहे।

जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट