हजारीबाग में अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान, भारी मात्रा में स्पिरिट और विदेशी शराब जब्त

हजारीबाग में अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान, भारी मात्रा में स्पिरिट और विदेशी शराब जब्त

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 19, 2026, 2:47:00 PM

आगामी रामनवमी, ईद और सरहुल पर्व को ध्यान में रखते हुए हजारीबाग जिला प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबार पर कड़ी निगरानी शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री से जुड़े अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए व्यापक स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के निर्देश पर सहायक आयुक्त उत्पाद के नेतृत्व में लगातार कार्रवाई जारी है।

इसी अभियान के तहत बुधवार देर रात दारू थाना क्षेत्र के जोनहिया (झुमरा) गांव में गश्ती के दौरान एक बड़ी सफलता हाथ लगी। करीब 1:30 बजे पुलिस टीम ने एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन को रोका, जिसमें अवैध विदेशी शराब को छुपाकर ले जाया जा रहा था। जांच के दौरान पता चला कि वाहन में शराब को छिपाने के लिए विशेष रूप से संशोधित व्यवस्था की गई थी।

छापेमारी में कुल 41 कार्टन और 41 प्लास्टिक बैग से 180 एमएल की बोतलों में पैक अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 531.270 लीटर आंकी गई है। इस कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मुकेश कुमार प्रजापति और उसके साथ मौजूद महेश पासवान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

इसके अलावा चौपारण थाना क्षेत्र के भगहर गांव में पहाड़ी इलाके के पास भी उत्पाद विभाग की टीम ने कार्रवाई की। यहां से अवैध शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री के साथ एक ट्रैक्टर जब्त किया गया। मौके से करीब 500 लीटर अवैध स्पिरिट और 108 लीटर तैयार शराब बरामद की गई। इसके साथ ही बड़ी मात्रा में खाली बोतलें, ढक्कन, लेबल और पैकेजिंग सामग्री भी पाई गई।

इस मामले में भगहर गांव के मुकेश यादव और विकास यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे ऐसी गतिविधियों की जानकारी प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।