कोयला मजदूरों के लिए बड़ी राहत! 7 दिन में जारी होंगे नए Appointment Letter

कोयला मजदूरों के लिए बड़ी राहत! 7 दिन में जारी होंगे नए Appointment Letter

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jul 23, 2026, 5:32:00 PM

हजारीबाग में राष्ट्रीय कोयला मजदूर यूनियन (RKMU) और बीजीआर माइनिंग इंफ्रा लिमिटेड (BGR) के प्रबंधन के बीच आयोजित बैठक में कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनी। दोनों पक्षों के बीच हुई चर्चा के बाद सेवा शर्तों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में सुधार से जुड़े कई निर्णय लिए गए, जिनका लाभ कर्मचारियों को मिलने की उम्मीद है।

बैठक में तय किया गया कि फिलहाल कर्मचारियों को प्रत्येक माह चार साप्ताहिक अवकाश (रेस्ट) ही दिए जाएंगे। इससे पहले कंपनी की ओर से प्रति माह पांच रेस्ट देने की बात कही गई थी, लेकिन वर्तमान व्यवस्था के तहत चार रेस्ट लागू रहेंगे।

इसके अलावा, कर्मचारियों को पहले जारी किए गए नियुक्ति पत्रों को निरस्त करते हुए नए Appointment Letter जारी करने का निर्णय लिया गया। प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि अगले सात दिनों के भीतर नए नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

बैठक में वेतन भुगतान व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने पर भी सहमति बनी। इसके तहत सभी कर्मचारियों को कंपनी की आधिकारिक बीजीआर मोहर (सील) के साथ वेतन पर्ची (Payment Slip) उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वेतन से संबंधित सभी विवरण प्रमाणिक रूप से दर्ज रहेंगे।

राष्ट्रीय कोयला मजदूर यूनियन ने बैठक में लिए गए फैसलों का स्वागत करते हुए कहा कि ये कदम कर्मचारियों के अधिकारों की सुरक्षा और कार्यस्थल पर पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे। यूनियन ने प्रबंधन से यह भी अपेक्षा जताई कि सभी निर्णय तय समयसीमा के भीतर लागू किए जाएं, ताकि कर्मचारियों को जल्द से जल्द उनका लाभ मिल सके।

हजारीबाग से सुनील कुमार ठाकुर की रिपोर्ट