झारखंड के हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल की अनुशंसा पर केंद्रीय संचार मंत्रालय ने बीएसएनएल की दूरसंचार सलाहकार समिति - TAC में पांच सदस्यों के नामांकन को मंजूरी दे दी है। इस संबंध में मंत्रालय की ओर से 27 जुलाई 2026 को आधिकारिक पत्र जारी किया गया।
केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम सिंधिया ने सांसद द्वारा भेजे गए योग्य व्यक्तियों में से पांच नामों को समिति सदस्य के रूप में नामित किया है। इनमें योगेश कुमार दांगी, भुरकुंडा मंडल, रामगढ़, रणधीर कुमार सिंह घाटो मंडल, रामगढ़, राजेंद्र कुमार चंद्रवंशी (सिंह) चौपारण मंडल, हजारीबाग, सुरेंद्र प्रसाद करौंच पदमा मंडल, हजारीबाग और महेंद्र कुमार सिंह केरेडारी मंडल, हजारीबाग शामिल हैं।
सदस्य समिति में जगह मिलने के बाद महेंद्र सिंह ने कहा कि सांसद मनीष जायसवाल ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उसके लिए मैं उनका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। केरेडारी और आसपास के क्षेत्र में बीएसएनएल की नेटवर्क और सेवा से जुड़ी जो भी समस्याएं हैं, उसे मैं समिति के सामने मजबूती से रखूंगा। हमारी कोशिश होगी कि गांव-गांव तक बेहतर मोबाइल और इंटरनेट सेवा पहुंचे। वहीं सांसद मनीष जायसवाल ने सभी नव-नामित सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि सभी सदस्य दूरसंचार सेवाओं से जुड़े जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से समिति के समक्ष रखेंगे और बीएसएनएल की सेवाओं को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। इधर क्षेत्रवासियों ने महेंद्र सिंह को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
हजारीबाग से सुनील कुमार ठाकुर की रिपोर्ट