रांची जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र में नौ जुलाई को हुई रविन्द्र मुंडा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी गहन पड़ताल की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मधुपुर अखड़ा के समीप 26 वर्षीय रविन्द्र मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में बेड़ो थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में बेड़ो के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी विकाश मुंडा (26), निवासी सुवार टोली, थाना बेड़ो, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग करना चाहता था। इसी दौरान रविन्द्र मुंडा ने उसे ऐसा करने से रोका, जिससे दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर रविन्द्र मुंडा पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल दो अन्य आरोपियों; विकाश महतो और विजय मुंडा को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसके कब्जे से एक देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। वहीं घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर 220 और होंडा शाइन मोटरसाइकिल पहले ही जब्त की जा चुकी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विकाश मुंडा का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2017 में अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत तथा वर्ष 2023 में हत्या के एक अन्य मामले में भी केस दर्ज है।
इस पूरी कार्रवाई को बेड़ो के पुलिस उपाधीक्षक दीपक कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने अंजाम दिया। टीम में पुलिस निरीक्षक उत्तम कुमार उपाध्याय, थाना प्रभारी कफील अहमद समेत बेड़ो थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जबकि मामले से जुड़े अन्य बिंदुओं की जांच अभी भी जारी है।