रांची डेस्क/गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले में बेखौफ अपराधियों ने सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए दिनदहाड़े बैंक डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। धनवार बाजार स्थित चमड़ा गोदाम के समीप यूको बैंक शाखा में हथियारों से लैस अपराधियों ने घुसकर करीब तीन से चार करोड़ रुपए मूल्य के सोने के जेवरात और 10 से 12 लाख रुपए नकद लूट लिए और फरार हो गए। पूरी वारदात को अपराधियों ने महज 20 मिनट के भीतर अंजाम दिया। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जिस बैंक में यह डकैती हुई, वह धनवार थाना से मात्र 200 मीटर की दूरी पर स्थित है।
दोपहर 12:44 बजे बैंक में घुसे 5 हथियारबंद डकैत
बैंक प्रबंधन और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना गुरुवार दोपहर करीब 12:44 बजे की है। पांच हथियारबंद अपराधी अचानक बैंक परिसर में दाखिल हुए। बैंक में प्रवेश करते ही अपराधियों ने पिस्तौल तान दी और वहां मौजूद बैंक कर्मियों सहित ग्राहकों को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया। लूटपाट के दौरान बैंक में मौजूद ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई। 20 हजार रुपए जमा कराने पहुंचे पीड़ित मो. महताब ने बताया कि अपराधियों ने विरोध करने और पैसे देने से इनकार करने पर ग्राहकों के साथ मारपीट भी की।
लॉकर से उड़ाए जेवरात, बाहर से ताला लगाकर हुए फरार
बंधक बनाने के बाद अपराधियों ने बैंक के स्ट्रॉन्गरूम/लॉकर में रखे ग्राहकों के गोल्ड लोन व अन्य सोने के जेवरात (अनुमानित कीमत 3 से 4 करोड़) और काउंटर में रखे 10 से 12 लाख रुपये नकद समेट लिए। करीब 20 मिनट तक तांडव मचाने के बाद अपराधियों ने सभी लोगों को अंदर बंद कर दिया और बैंक के मुख्य द्वार पर बाहर से ताला जड़कर फरार हो गए।
पुलिस महकमे में हड़कंप, इलाके में नाकेबंदी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बैंक का ताला खुलवाकर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर खोरी महुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार की अगुवाई में टीम का गठन किया गया है। पुलिस बैंक परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। अपराधियों की धरपकड़ के लिए जिले की सीमाओं को सील कर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है।
रांची से सुजीत कुमार की रिपोर्ट