गिरिडीह में आधी रात दंपती पर जानलेवा हमला, पति की मौ*त

गिरिडीह में आधी रात दंपती पर जानलेवा हमला, पति की मौ*त

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jun 03, 2026, 11:03:00 AM

गिरिडीह जिले के मधुबन थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दंपती पर हुए हिंसक हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को बेहतर इलाज के लिए धनबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, यह वारदात मधुबन थाना अंतर्गत दलान चलकरी गांव में हुई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय पतिया हांसदा के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि वह अपने घर में परिवार के साथ सो रहे थे, तभी कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया।

परिजनों के मुताबिक, रात करीब साढ़े बारह बजे घर की ओर से चीख-पुकार सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। वहां का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। पतिया हांसदा और उनकी पत्नी परनी मरांडी (35 वर्ष) गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे, जबकि घर में मौजूद बच्चे रो रहे थे।

घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही डुमरी के एसडीपीओ आबिद खान और मधुबन थाना की टीम एम्बुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंची। दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने पतिया हांसदा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनकी पत्नी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें धनबाद रेफर किया गया।

मृतक के रिश्तेदारों का कहना है कि उन्हें हमलावरों की पहचान या हमले के कारणों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उनका कहना है कि पतिया मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे और उनकी किसी से दुश्मनी की जानकारी भी नहीं है। ऐसे में हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

डुमरी एसडीपीओ आबिद खान ने बताया कि पतिया हांसदा की हत्या के मामले में पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। हमले के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।