गढ़वा। पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) किशोर कौशल ने रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण, लंबित मामलों की प्रगति तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
डीआईजी ने कार्यालय में उपलब्ध विभिन्न अभिलेखों एवं रजिस्टरों का अवलोकन करते हुए उनके अद्यतन संधारण का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, अपराध नियंत्रण, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी, वारंट एवं कुर्की के निष्पादन तथा जन शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष बल दिया।
उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन के साथ संवेदनशील एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्ती, वाहन जांच एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने पर भी जोर दिया। इस दौरान उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को उन्होंने अनुशासन, पारदर्शिता और टीम भावना के साथ कार्य करने की नसीहत दी तथा बेहतर पुलिसिंग के माध्यम से जनता का विश्वास और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया।
निरीक्षण के दौरान रोहित रंजन सिंह, एसडीपीओ. रंका पुनि अभिजीत गौतम, अंचल निरीक्षक रंका पुनि सह थाना प्रभारी सुभाष कु पासवान, भंडरिया थाना पुअनि रवि कुमार केथरी, थाना प्रभारी रंका, पुअनि मुकेश यादव, थाना प्रभारी, रमकंडा एवं अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
गढ़वा से विकास कश्यप की रिपोर्ट