टाटानगर स्टेशन पर बड़ा हादसा! मालगाड़ी पर चढ़ा नाबालिग हाईटेंशन तार की चपेट में आया, हालत नाजुक

टाटानगर स्टेशन पर बड़ा हादसा! मालगाड़ी पर चढ़ा नाबालिग हाईटेंशन तार की चपेट में आया, हालत नाजुक

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : May 06, 2026, 3:55:00 PM

पूर्वी सिंहभूम जिले के टाटानगर रेलवे स्टेशन पर एक गंभीर हादसा सामने आया है, जहां एक नाबालिग मालगाड़ी के ऊपर चढ़ने के दौरान ओवरहेड हाई वोल्टेज तार की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। घटना प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर हुई, जिससे कुछ समय के लिए स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी के डिब्बे पर चढ़ते समय युवक का संपर्क ऊपर गुजर रही विद्युत तार से हो गया। जैसे ही वह तार के संपर्क में आया, तेज आवाज के साथ हादसा हुआ और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी और अन्य रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे। टीम ने तत्काल राहत कार्य करते हुए घायल को नीचे उतारा और रेलवे अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत अभी भी चिंताजनक बताई जा रही है।

रेलवे सुरक्षा बल के पोस्ट प्रभारी राकेश मोहन ने बताया कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। स्टेशन और प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह समझा जा सके कि नाबालिग वहां तक कैसे पहुंचा और उसने मालगाड़ी पर चढ़ने का प्रयास क्यों किया।

अधिकारियों ने यह भी आशंका जताई है कि घायल नाबालिग की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं हो सकती है। फिलहाल उसकी पहचान स्थापित करने और उसके परिवार का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।