XLRI को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलते ही पुलिस ने शुरू की सघन जांच

XLRI को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलते ही पुलिस ने शुरू की सघन जांच

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 10, 2026, 3:49:00 PM

जमशेदपुर के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान एक्सएलआरआई को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को शहर में हड़कंप मच गया। यह धमकी एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा ई-मेल के जरिए भेजी गई थी। संदेश सामने आते ही संस्थान प्रशासन सतर्क हो गया और तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए संस्थान के शीर्ष अधिकारियों ने सीधे जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष कुमार पांडेय से संपर्क किया और धमकी भरे ई-मेल की जानकारी साझा की। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। एसएसपी ने तत्काल बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दूबे को पुलिस बल और बम निरोधक दस्ते के साथ संस्थान पहुंचने का निर्देश दिया। इसके बाद कुछ ही समय में पुलिस टीम ने पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया।

एहतियात के तौर पर एक्सएलआरआई के कैंपस को खाली कराया गया। कक्षाओं, छात्रावासों और प्रशासनिक भवनों से छात्रों व कर्मचारियों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। इसके साथ ही बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की मदद से परिसर के हर हिस्से की गहन तलाशी ली जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।

इस बीच पुलिस की साइबर सेल टीम भी सक्रिय हो गई है और धमकी देने वाले ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। अधिकारी यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि संदेश किस स्थान और किस आईपी एड्रेस से भेजा गया था।

पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है और कहा है कि सुरक्षा के सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। जांच पूरी होने तक संस्थान परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।