जमशेदपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर 14 स्थित फॉरेस्ट एरिया में पुलिस ने छापेमारी कर ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार युवकों के पास से कुल 64 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई है, जिसका कुल वजन 4.93 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से 530 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई।
पुलिस को एक नवंबर की शाम गुप्त सूचना मिली थी कि मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर 14 स्थित फॉरेस्ट एरिया में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। इसके बाद पुलिस टीम ने सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रात करीब आठ बजे छापेमारी की।
इस दौरान शेड के पास संदिग्ध अवस्था में खड़े दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, जिन्हें पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनमीत सिंह और आनंद राज विद्यार्थी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान मनमीत सिंह के पास से 36 पुड़िया ब्राउन शुगर, जिसका वजन 2.82 ग्राम है, और 310 रुपये नकद बरामद किए गए।
वहीं, आनंद राज विद्यार्थी के पास से 28 पुड़िया ब्राउन शुगर, जिसका वजन 2.11 ग्राम है, और 220 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने कुल 4.93 ग्राम ब्राउन शुगर और 530 रुपये नकद जब्त करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जमशेदपुर से लाला जबीन की रिपोर्ट