मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दिखेगा खिलाड़ियों का दम, 16 जिलों के 1200 एथलीट लेंगे हिस्सा

खेल के प्रति जुनून और उम्र को मात देने के जज्बे का गवाह बनने जा रहा है जमशेदपुर। मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन ऑफ झारखंड की ओर से 21 और 22 नवंबर को छठी राज्य स्तरीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा।

जमशेदपुर: खेल के प्रति जुनून और उम्र को मात देने के जज्बे का गवाह बनने जा रहा है जमशेदपुर। मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन ऑफ झारखंड की ओर से 21 और 22 नवंबर को छठी राज्य स्तरीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होने वाली इस प्रतियोगिता में राज्य के 16 जिलों से करीब 1200 महिला और पुरुष खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

संघ के अध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 12 आयु श्रेणियों में कुल नौ स्पर्धाएं आयोजित होंगी। इनमें 100 मीटर, 200 मीटर, 800 मीटर और 3 किलोमीटर पैदल चाल के अलावा लंबी कूद, त्रिकूद, गोला फेंक, चक्का फेंक और भाला फेंक शामिल हैं। वहीं, महिला वर्ग की सात आयु श्रेणियों में छह स्पर्धाएं होंगी।

संघ के सचिव एसके तोमर ने बताया कि राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के साथ ही द ग्रेट झारखंड रन का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें 12 वर्ष से लेकर 75 वर्ष तक की आयु के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। दौड़ के विजेताओं को आकर्षक नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

जमशेदपुर से लाला जबीन की रिपोर्ट