जमशेदपुर पुलिस ने दुर्गा पूजा के दौरान सक्रिय एक बड़े चेन छिनैती गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह के कुल 33 सदस्य पकड़े गए हैं, जिनमें 26 महिलाएं शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पश्चिम बंगाल के हुगली जिले से सात पुरुष समेत यह गैंग सोमवार को जमशेदपुर पहुंचा था और यहां मोबाइल फोन, चेन तथा पर्स छीनने जैसी वारदातें कर रहा था।
गिरोह ने कई घटनाओं को अंजाम दिया, जिनमें कालीबाड़ी मंदिर के पास हुई चेन स्नैचिंग की शिकायत पुलिस को मिली। इसके बाद जांच शुरू हुई और सीसीटीवी फुटेज में दो महिलाओं की पहचान हुई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की।
बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि शुरू में दोनों महिलाएं गोलमोल जवाब देती रहीं, लेकिन कड़ी पूछताछ के बाद उन्होंने गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में खुलासा कर दिया। इसके बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर सात पुरुषों समेत 31 अन्य लोगों को जुगसलाई से दबोच लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरोह के सदस्य भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाते थे और मौके पाकर मोबाइल फोन, चेन और पर्स छीनकर फरार हो जाते थे। पूछताछ के बाद यह साफ हो गया कि पूरा गिरोह दुर्गा पूजा के दौरान अपराध करने के इरादे से जमशेदपुर आया था।