आदित्यपुर नगर निगम चुनाव की सरगर्मी के बीच वार्ड संख्या 9 से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। पार्षद पद की प्रत्याशी राखी मार्डी कथित रूप से अपनी बेटी को साथ लेकर अचानक गायब हो गई हैं। आरोप है कि वह प्रेमचंद मार्डी नामक व्यक्ति के साथ चली गई हैं।
इस मामले में राखी के पति राकेश मार्डी ने गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। राकेश का कहना है कि उनकी पत्नी ने वार्ड 9 से पार्षद पद के लिए नामांकन दाखिल किया था और लगातार चुनाव प्रचार में सक्रिय थीं। इसी दौरान वह अचानक घर से लापता हो गईं। उन्होंने दावा किया कि प्रेमचंद मार्डी ने उनकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
घटना से परेशान राकेश मार्डी अपने परिवार के साथ उपायुक्त कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने लिखित शिकायत सौंपकर न्याय की गुहार लगाई। वहीं, परिजन संबंधित थाने में प्रेमचंद मार्डी के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया में भी जुटे हुए हैं।
परिजनों के अनुसार, चुनाव के ठीक बीच इस तरह प्रत्याशी का गायब होना उनके लिए सदमे जैसा है। वहीं इस घटना ने वार्ड 9 के मतदाताओं के बीच भी नाराजगी और निराशा बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस व्यक्ति को जनता अपना प्रतिनिधि चुनने की तैयारी कर रही थी, उसके इस कदम से क्षेत्र की छवि पर नकारात्मक असर पड़ा है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सकेगी।