कांग्रेस की रैली माफिया और दलालों का आंदोलन : आदित्य साहू

नयी दिल्ली में कांग्रेस पार्टी की प्रस्तावित रैली को लेकर झारखंड भाजपा ने तीखा हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस की रैली को माफिया और दलालों का आंदोलन करार दिया है।

जमशेदपुर: नयी दिल्ली में कांग्रेस पार्टी की प्रस्तावित रैली को लेकर झारखंड भाजपा ने तीखा हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस की रैली को माफिया और दलालों का आंदोलन करार दिया है। जमशेदपुर में शनिवार को भाजपा की बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस के झूठे प्रपंच में फंसने को तैयार नहीं है और अब भाजपा कांग्रेस के खिलाफ लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ आंदोलन चलाएगी। 

जमशेदपुर में आयोजित भाजपा की एक अहम बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस की प्रस्तावित रैली की मंशा पर सवाल उठाते हुए उसे माफिया और दलालों का आंदोलन बताया। आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस लगातार चुनाव आयोग और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है, लेकिन चुनाव के नतीजे ही उनके दावों की पोल खोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के कई हिस्सों में हाल के दिनों में बैलेट पेपर से हुए एमएलसी चुनावों में भी कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है। बैलेट पेपर से चुनाव होने के बावजूद कांग्रेस की हार इस बात का सबूत है कि जनता उनके आरोपों पर भरोसा नहीं कर रही है। 

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इससे साफ है कि देश की जनता कांग्रेस के कथित झूठे प्रपंच में फंसने को तैयार नहीं है। कांग्रेस जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है, लेकिन जनता सब समझती है। उन्होंने ऐलान किया कि कांग्रेस की अराजकता वाली राजनीति के खिलाफ भाजपा अब सड़कों पर उतरेगी। भाजपा कांग्रेस के खिलाफ ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ आंदोलन चलाएगी। इसके तहत आगामी दिनों में राज्य के प्रत्येक जिले में आम जनता के सहयोग से आंदोलन किया जाएगा, जिसमें आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी और कांग्रेस के झूठ को बेनकाब किया जाएगा।

जमशेदपुर से लाला जबीं की रिपोर्ट