चाकूबाजी में एक युवक की मौत, तीन घायल, दुकान संचालक समेत तीन आरोपी हिरासत में

​जमशेदपुर/आदित्यपुर: मंगलवार देर रात आदित्यपुर में एक मामूली बात ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। आयडा गेट के सामने स्थित खाऊ गली में वेज रोल को लेकर हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जमशेदपुर/आदित्यपुर: मंगलवार देर रात आदित्यपुर में एक मामूली बात ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। आयडा गेट के सामने स्थित खाऊ गली में वेज रोल को लेकर हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है।

घटना मंगलवार देर रात करीब 1:00 बजे की है। मानगो निवासी शेखर तिर्की आदित्यपुर शिव मंदिर दुर्गा पूजा समिति के पंडाल में लाइटिंग का काम करने आया था। रात में वह अपने साथी गोलू के साथ आयडा गेट स्थित एक फास्ट फूड ठेले पर वेज रोल खाने पहुंचा। ऑर्डर को लेकर दुकानदार और शेखर के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

विवाद बढ़ता देख शेखर और गोलू ने फोन कर पूजा समिति के सदस्यों को बुला लिया। सूचना मिलते ही समिति सदस्य सन्नी मौके पर पहुंचा, लेकिन दुकानदार और उसके स्टाफ ने उस पर भी हमला कर दिया और चाकू घोंप दिया। इसके बाद बीच-बचाव करने पहुंचे सागर झा और अरुण पांडे पर भी हमलावरों ने ताबड़तोड़ चाकू चला दिए। इस हमले में एक युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि बाकी तीन लहूलुहान हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में गश्त कर रहे सरायकेला एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज और आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फास्ट फूड दुकान संचालक समेत तीन युवकों को हिरासत में ले लिया है।

एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज ने बताया कि मामूली विवाद के बाद यह हिंसक झड़प हुई। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस मामले की गहराई से तफ्तीश में जुटी है।

जमशेदपुर से लाला जबीन की रिपोर्ट