सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय में सोमवार को 9वां दीक्षांत समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार रहे। समारोह के दौरान राज्यपाल ने 78 छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल प्रदान किया, जबकि 37 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि से सम्मानित किया गया।
दीक्षांत समारोह में सर्वश्रेष्ठ स्नातक का खिताब तृप्ति शोभा मरांडी को मिला, जो दुमका स्थित सेंट जेवियर कॉलेज महारो के गणित विभाग की छात्रा रही हैं। उन्होंने अपने सत्र (2021–24) में सर्वाधिक अंक हासिल किए।
अपने संबोधन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि विद्यार्थी अपने शोध, नवाचार और रचनात्मक कार्यों से समाज के लिए नई राह तैयार करें। उन्होंने कहा कि यह दीक्षांत समारोह जीवन के एक नए चरण की शुरुआत है—आगे चुनौतियाँ भी होंगी, लेकिन अवसरों की कोई कमी नहीं।
राज्यपाल ने कहा कि हर छात्र का कार्य समाज और राष्ट्र के उत्थान की दिशा में होना चाहिए। उनकी उपलब्धियां न केवल व्यक्तिगत विजय हैं, बल्कि समाज की प्रगति के नए रास्ते खोलेंगी।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. कुनुल कांदीर, जामा की विधायक लुईस मरांडी सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।
राज्यपाल ने अपने भाषण में अमर शहीद सिदो–कान्हू को नमन किया और कहा कि उनका संघर्ष सिर्फ जनजातीय समाज ही नहीं, पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणा है। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि शिक्षा का यह पड़ाव किसी अंत का संकेत नहीं, बल्कि एक नई यात्रा की शुरुआत है।
उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है, और इसमें युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।