धनबाद : शहर के IIT (ISM) में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज–ईस्टर्न जोन’ का आयोजन किया गया। ACIC, IIT (ISM) फाउंडेशन की ओर से मैनेजमेंट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में धनबाद सांसद ढुल्लू महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान युवाओं को स्टार्टअप, नवाचार और स्किल डेवलपमेंट के जरिए रोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप जमीनी स्तर पर काम किया जा रहा है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि IIT (ISM) में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य अभ्यर्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना और उन्हें अपने काम के माध्यम से दूसरे लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करना है। सांसद ने कहा कि देश के युवाओं में अपार क्षमता और प्रतिभा है। स्टार्टअप और नए नवाचारों के जरिए युवा न केवल खुद आत्मनिर्भर बन सकते हैं, बल्कि दूसरों को भी रोजगार दे सकते हैं।
स्किल डेवलपमेंट पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि बड़ी और छोटी कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर देश में ही रोजगार के नए अवसर पैदा करने की जरूरत है। आज युवा नौकरी तलाशने के बजाय खुद सक्षम होकर रोजगार देने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि युवाओं को सही मार्गदर्शन और सहयोग मिले तो वे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ भारत को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। जिला स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक ऐसे कार्यक्रमों के जरिए युवाओं को मंच और सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
धनबाद से नीतीश की रिपोर्ट