बर्थडे पार्टी में खूनी संघर्ष, मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत

जिले के सदर थाना क्षेत्र में 8 लेन रोड के समीप स्थित एक निजी होटल में जन्मदिन की पार्टी के दौरान मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

धनबाद: जिले के सदर थाना क्षेत्र में 8 लेन रोड के समीप स्थित एक निजी होटल में जन्मदिन की पार्टी के दौरान मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान झरिया निवासी अभिजीत सिंह के रूप में बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, अभिजीत सिंह अपने दोस्तों के साथ अशर्फी अस्पताल के सामने स्थित एक निजी होटल में जन्मदिन की पार्टी मनाने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान देर रात दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे बढ़ता चला गया। इसी बीच एक दोस्त द्वारा कथित तौर पर बाहर से कई युवकों को बुलाकर सड़क के दूसरी ओर रुकने के लिए कहा गया।

आरोप है कि रात करीब दो से तीन बजे के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान सड़क के दूसरी ओर मौजूद युवक भी मौके पर पहुंच गए। मारपीट में अभिजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया और अधमरी हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर मिशन अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इधर घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस जांच में जुट गई। पुलिस पार्टी में शामिल दोस्तों की पहचान करने के साथ ही मारपीट में शामिल संदिग्धों का पता लगा रही है। घटनास्थल से मारपीट में इस्तेमाल किए जाने की आशंका वाला बांस भी जब्त किए जाने की जानकारी है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। हालांकि, घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि सामने आना बाकी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद किस बात पर शुरू हुआ और युवक की मौत के लिए कौन जिम्मेदार है।


धनबाद से नीतीश की रिपोर्ट