धनबाद : धनसार थाना क्षेत्र के चांदमारी कोलियरी के समीप बुधवार सुबह एक 40 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जोड़ा फाटक स्थित दरभंगिया बस्ती निवासी कारू मांझी के रूप में हुई है। उनके चेहरे और सीने पर चोट के गंभीर निशान मिले हैं, जिससे मौत का मामला संदिग्ध बन गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
मंगलवार शाम से थे लापता
परिजनों के मुताबिक, कारू मांझी मंगलवार की शाम शौच के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिवार के लोग रातभर उनकी तलाश और इंतजार करते रहे। इसी बीच बुधवार सुबह चांदमारी कोलियरी के पास उनका शव मिलने की दुखद सूचना मिली। मौके पर पहुंचे मृतक के भाई टिंकू मांझी ने शव की शिनाख्त की।
पेशे से कारपेंटर थे कारू मांझी
मृतक के भाई टिंकू मांझी ने बताया कि कारू मांझी पेशे से कारपेंटर (बढ़ई) थे और दैनिक मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, लेकिन शरीर पर मिले चोट के निशानों को देखकर उन्होंने किसी अनहोनी की आशंका जताई है।
क्या कहती है पुलिस?
धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम घटनास्थल पर भेजी गई। शुरुआती जांच में मृतक के चेहरे और सीने पर चोट के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया ऊंचाई से गिरने या किसी हादसे की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता, लेकिन अन्य पहलुओं को भी बारीकी से खंगाला जा रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हरसंभव एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य आपराधिक साजिश है।
धनबाद से युधिष्ठिर महतो की रिपोर्ट