केंद्रीय विद्यालय-1 परिसर में नाली का पानी, छात्रों की बढ़ी परेशानी

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jul 22, 2026, 5:28:00 PM

धनबाद जिले के विनोद नगर स्थित केंद्रीय विद्यालय-1 परिसर में कॉलोनी की नाली का गंदा पानी स्कूल कैंपस में बहने से छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल आने-जाने के दौरान सैकड़ों विद्यार्थियों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे उनके जूते और कपड़े भीग रहे हैं। विद्यालय प्रबंधन ने इसे छात्रों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बताते हुए नगर निगम और जिला प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की है।

विनोद नगर केंद्रीय विद्यालय-1 के परिसर में कॉलोनी की नाली का पानी लगातार जमा हो रहा है। हल्की बारिश के बाद स्थिति और भी बदतर हो जाती है। स्कूल परिसर की सड़क तालाब जैसी दिखाई देती है, जिससे छोटे-छोटे बच्चों को गंदे पानी से होकर विद्यालय में प्रवेश करना पड़ता है। इससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

विद्यालय के प्राचार्य शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि कई बार कॉलोनी के लोगों को अपनी नाली के पानी की निकासी की उचित व्यवस्था करने का सुझाव दिया गया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। उन्होंने कहा कि विद्यालय की सुरक्षा और छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बाउंड्री वॉल बनाई गई है, इसके बावजूद कॉलोनी का गंदा पानी स्कूल परिसर में छोड़ा जा रहा है।

विद्यालय प्रबंधन ने नगर निगम और जिला प्रशासन से अविलंब हस्तक्षेप कर स्थायी जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि सैकड़ों विद्यार्थियों को इस समस्या से राहत मिल सके और उनके स्वास्थ्य एवं शिक्षा पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

धनबाद से नीतीश की रिपोर्ट