धनबाद रेलवे स्टेशन के समीप स्थित सबली मस्जिद में नई कमेटी के गठन को लेकर चल रहा विवाद शुक्रवार को हिंसक झड़प में बदल गया। जुमे की नमाज के बाद हुई मारपीट में वाजिद खान गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर पर गहरी चोट आई है। सूचना मिलते ही धनबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
घायल नई कमेटी के वाजिद खान ने आरोप लगाया कि नमाज के दौरान लोगों को उकसाया गया, जिसके बाद उन पर जानलेवा हमला किया गया। उन्होंने निसार खान के पुत्र सहजान खान पर हमला करने का आरोप लगाया। वाजिद खान का यह भी आरोप है कि घटना के दौरान मस्जिद परिसर स्थित उनके कमरे से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और लगभग चार लाख रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली गई। उन्होंने दावा किया कि वह पिछले 40 वर्षों से मस्जिद की जमीन की मालगुजारी जमा करते आ रहे हैं। उनके अनुसार, न्यायालय के आदेश के बाद वक्फ बोर्ड और कल्याण विभाग ने नई कमेटी को मस्जिद का प्रभार सौंपा था, जिसका कुछ लोग लगातार विरोध कर रहे हैं।
वहीं मस्जिद के इमाम ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि जुमे की नमाज के बाद उन्होंने उपस्थित लोगों से केवल शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की थी। उनका कहना है कि किसी को उकसाने या हिंसा के लिए प्रेरित करने का आरोप पूरी तरह गलत है। धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडे ने बताया कि एक अप्रैल को न्यायालय के आदेश के अनुपालन में वक्फ बोर्ड और कल्याण विभाग की मौजूदगी में 11 सदस्यीय नई कमेटी को मस्जिद का प्रभार सौंपा गया था। उन्होंने कहा कि शुक्रवार की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा दोनों पक्षों के आरोपों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
धनबाद से नीतीश की रिपोर्ट