नीट पेपर लीक पर धनबाद में कांग्रेस का हल्ला बोल, केंद्र सरकार के खिलाफ धरना

नीट पेपर लीक पर धनबाद में कांग्रेस का हल्ला बोल, केंद्र सरकार के खिलाफ धरना

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jul 23, 2026, 12:48:00 PM

नीट पेपर लीक विवाद और दिल्ली में छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को रंधीर वर्मा चौक पर विरोध-प्रदर्शन किया। एक दिवसीय धरने में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। उनका कहना था कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि युवाओं का परीक्षा प्रणाली पर विश्वास कायम रह सके।

कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री आवास की ओर बढ़ने से रोकने और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किए जाने की भी आलोचना की। उन्होंने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए इसकी निंदा की।

धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के लिए सरकार को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए और पेपर लीक मामले में शामिल सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।

धनबाद से नितीश की रिपोर्ट