नगर निकाय चुनाव के बीच धनबाद में मेयर पद की राजनीति अचानक गर्मा गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की नेता डॉ. नीलम मिश्रा ने मेयर चुनाव से अपना नाम वापस ले लिया है। इसके साथ ही पार्टी ने बड़ा फैसला लेते हुए चंद्रशेखर अग्रवाल को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब झारखंड में नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया जारी है और धनबाद में मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है। चंद्रशेखर अग्रवाल पहले ही मेयर पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर चुके हैं।
गौर करने वाली बात यह है कि महज चार दिन पहले ही भाजपा के वरिष्ठ नेता और धनबाद के पूर्व मेयर शेखर अग्रवाल ने झामुमो की सदस्यता ग्रहण की थी। वे भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य भी रह चुके हैं और धनबाद नगर निगम में पहले मेयर के तौर पर कार्य कर चुके हैं।
झामुमो द्वारा चंद्रशेखर अग्रवाल को समर्थन दिए जाने के बाद उनके चुनाव प्रचार को मजबूती मिलने की संभावना जताई जा रही है। राजनीतिक जानकार इसे धनबाद की मेयर सीट पर चुनावी समीकरण बदलने वाला फैसला मान रहे हैं।गौरतलब है कि धनबाद नगर निकाय चुनाव के लिए 23 फरवरी को मतदान होना है।