कतरास मर्डर केस का पर्दाफाश, पार्टी के बहाने घर आए, CCTV तार से गला घोंटा

झारखंड के धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र में चर्चित मुन्ना पांडेय हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

धनबाद : झारखंड के धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र में चर्चित मुन्ना पांडेय हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। महज 15 से 20 हजार रुपए की नकदी और लूटपाट के इरादे से इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, सीसीटीवी केबल तार और लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया है।

पार्टी के बहाने घर में घुसे और दिया वारदात को अंजाम

कतरास पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिथुन गोप (33 वर्ष, निवासी भगत सिंह चौक, कतरास) और सोनू कुमार राय उर्फ बजरंगी (19 वर्ष, निवासी आमटांड़) के रूप में हुई है। जांच में यह बात सामने आई कि 28 अक्टूबर 2026 की रात दोनों आरोपियों ने मुन्ना पांडेय से पार्टी करने की मांग की थी। मुन्ना पांडेय ने इसके लिए पैसे भी दिए थे। इसके बाद दोनों युवक पार्टी के बहाने उनके घर पहुंचे और उनके साथ बैठकर शराब पी।

कांसे का बर्तन गिरने से खुली नींद, फिर किया खौफनाक हमला

रात में जब मुन्ना पांडेय अत्यधिक शराब के नशे में गहरी नींद में सो गए, तब दोनों आरोपी घर में रखे रुपये तलाशने लगे। इसी दौरान घर में रखा एक कांसे का बर्तन नीचे गिर गया, जिससे तेज आवाज हुई और मुन्ना पांडेय की नींद खुल गई। अपने सामने आरोपियों को देखकर मुन्ना पांडेय ने इसका विरोध किया। पकड़े जाने के डर और साक्ष्य छिपाने की नीयत से सोनू कुमार राय उर्फ बजरंगी ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे के तार से उनका गला दबाकर उन्हें अचेत कर दिया। इसके बाद मिथुन गोप ने चाकू से उनका गला रेतकर उनकी निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी घर से सीसीटीवी यूनिट, तीन कांसे की प्लेट और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए थे।

SIT ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दबोचा

घटना के खुलासे के लिए धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रभात कुमार के निर्देश पर बाघमारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान की मदद से अपराधियों तक पहुंच बनाई। हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

बरामदगी और पुलिस टीम

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर निम्नलिखित सामान बरामद किया है। पुलिस को मौके से सैमसंग कंपनी का एलइडी टीवी, कांसे की तीन प्लेटें, हत्या में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े और सीसीटीवी का काले रंग का केबल तार बरामद किया गया है। वहीं इस पूरे कांड के उद्भेदन और गिरफ्तारी अभियान में कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह, मनोज कुमार, निर्भय कुमार, पवन तिर्की, सत्येंद्र यादव और शैलेश कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

धनबाद से युधिष्ठिर महतो की रिपोर्ट