धनबाद: जिले के धनसार थाना क्षेत्र से एक युवती को अश्लील और निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। युवती की शिकायत पर धनसार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को मोतिहारी के नेपाल बॉर्डर के समीप से गिरफ्तार कर धनबाद लाया। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि धनसार थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती की इंस्टाग्राम के जरिए मोतिहारी के रहने वाले युवक से दोस्ती हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे गहरी होती गई। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने युवती के निजी फोटो और वीडियो हासिल कर लिए।
इसके बाद आरोपी कथित तौर पर उन्हीं निजी फोटो और वीडियो को वायरल करने की धमकी देने लगा। परेशान युवती ने मामले की शिकायत धनसार थाना पुलिस से की। शिकायत मिलने के बाद धनसार पुलिस ने तकनीकी जांच और सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने मोतिहारी के नेपाल बॉर्डर के समीप से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे धनबाद लाया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
धनबाद से नीतीश कुमार की रिपोर्ट