DMFT योजनाओं की जमीनी स्तर पर हो रही निगरानी, अनियमितता मिलने पर संबंधित पदाधिकारियों से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण

डीएमएफटी-पीएमयू टीम द्वारा योजनाओं और संस्थानों की जमीनी स्तर पर मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके की स्वीकृत योजनाओं का लाभ आमजनों तक पहुंच रहा है।

धनबाद : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देशानुसार धनबाद में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं संस्थानों की कार्यप्रणाली को पारदर्शी, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से उप विकास आयुक्त सन्नी राज की अध्यक्षता में समीक्षा एवं निगरानी की जा रही है। इसके तहत डीएमएफटी-पीएमयू टीम द्वारा योजनाओं और संस्थानों की जमीनी स्तर पर मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके की स्वीकृत योजनाओं का लाभ आमजनों तक पहुंच रहा है और संबंधित संस्थानों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

निगरानी के दौरान के केंद्रों पर संबंधित कार्यों की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है

निगरानी के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायतों, जनवितरण प्रणाली की दुकानों, सरकारी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों, विकास योजनाओं, आधारभूत संरचनाओं, ग्रामीण विकास, विद्यालयों, राजस्व और आजीविका से संबंधित कार्यों की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। इसके तहत संबंधित संस्थानों में पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति, उपलब्ध संसाधनों एवं उपकरणों की स्थिति, योजनाओं के क्रियान्वयन, कार्यों की गुणवत्ता, रख-रखाव व लाभुकों को मिल रही सुविधाओं की जांच की जा रही है।

जमीनी स्तर पर निरीक्षण के दौरान यदि संबंधित संस्थानों में पदाधिकारी या कर्मी अनुपस्थित पाए जाते हैं - उप विकास आयुक्त

इस संबंध में उप विकास आयुक्त ने बताया कि जमीनी स्तर पर निरीक्षण के दौरान यदि संबंधित संस्थानों में पदाधिकारी या कर्मी अनुपस्थित पाए जाते हैं अथवा आवश्यक सामग्री, उपकरण एवं अन्य निर्धारित सुविधाओं की कमी मिलती है, तो संबंधित विभाग के माध्यम से स्पष्टीकरण (शो-कॉज) जारी करने की कार्रवाई की जाएगी। इसी प्रकार योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही, कार्यों की गुणवत्ता में कमी, संसाधनों के रख-रखाव में अनियमितता या निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य नहीं होने की स्थिति में भी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से जवाब-तलब किया जाएगा।

योजनाओं की प्रगति एवं कार्यों की गुणवत्ता पर निरंतर नजर रखी जाएगी

उन्होंने बताया कि इस निगरानी व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य योजनाओं के क्रियान्वयन में जवाबदेही सुनिश्चित करना, सरकारी संसाधनों का समुचित उपयोग करना व आमजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। डीएमएफटी टीम द्वारा प्राप्त निरीक्षण प्रतिवेदनों के आधार पर कमियों को चिह्नित कर संबंधित विभागों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही, योजनाओं की प्रगति एवं कार्यों की गुणवत्ता पर निरंतर नजर रखी जाएगी, ताकि डीएमएफटी के माध्यम से संचालित विकास योजनाओं का वास्तविक लाभ धरातल पर दिखाई दे।

धनबाद से युधिष्ठिर महतो की रिपोर्ट