गोल्फ ग्राउंड में डिजनीलैंड, लोगों ने किया विरोध

धनबाद शहर के गोल्फ ग्राउंड में डिजनीलैंड मेला के लगाये जाने की तैयारी के बीच आक्रोश की खबरें सामने आयी हैं। स्थानीय लोगों ने इस फैसले का विरोध किया है।

धनबाद शहर के गोल्फ ग्राउंड में डिजनीलैंड मेला के लगाये जाने की तैयारी के बीच आक्रोश की खबरें सामने आयी हैं। स्थानीय लोगों ने इस फैसले का विरोध किया है।

मिली खबर के अनुसार शहर के हृदयस्थल गोल्फ ग्राउंड में फिर से 'डिज़नीलैंड मेला' लगाने की तैयारियों को लेकर स्थानीय निवासियों, बुजुर्गों और अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश है। ग्राउंड में नापी शुरू होते ही विरोध तेज़ हो गया है। इस संबंध में स्थानीय निवासी अभय कुमार के नेतृत्व में लोगों ने धनबाद उपायुक्त और नगर निगम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मेले को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है। 

ज्ञात हो कि गोल्फ ग्राउंड शहर के बीचों-बीच स्थित एकमात्र ऐसा मैदान है जहाँ प्रतिदिन सैकड़ों लोग मॉर्निंग वॉक, फुटबॉल और खेलकूद के लिए जुटते हैं। विशेष रूप से झारखंड पुलिस भर्ती व अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा यहाँ शारीरिक दक्षता का अभ्यास करते हैं। निवासियों का कहना है कि बार-बार मेले के आयोजन से मैदान में गंदगी और अव्यवस्था फैलती है, जिससे महीनों तक अभ्यास बाधित रहता है। 

स्थानीय युवाओं और नागरिकों ने जिला प्रशासन से स्पष्ट अपील की है कि शहर में कई अन्य खाली ज़ोन उपलब्ध हैं, जहाँ मेला लगाया जा सकता है। खेल, स्वास्थ्य और युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए गोल्फ ग्राउंड को मेलों से मुक्त रखा जाए।

धनबाद से नीतीश की रिपोर्ट