भाजपा नेताओं की बयानबाजी पर कांग्रेस का पलटवार, सांसद ढुलू महतो को बताया विकास विरोधी

भाजपा नेताओं द्वारा धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह के खिलाफ की जा रही बयानबाजी पर जिला कांग्रेस कमेटी ने कड़ा पलटवार किया है।

धनबाद : भाजपा नेताओं द्वारा धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह के खिलाफ की जा रही बयानबाजी पर जिला कांग्रेस कमेटी ने कड़ा पलटवार किया है। कांग्रेस नेताओं ने सांसद ढुलू महतो को विकास विरोधी करार देते हुए आरोप लगाया कि भाजपा नेता जनहित के मुद्दों पर जवाब देने के बजाय व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रहे हैं। कांग्रेस ने कहा कि जिला अध्यक्ष संतोष सिंह की जनसमस्याओं के प्रति सक्रियता और आम जनता के बीच उनकी लगातार मौजूदगी से भाजपा नेता असहज हैं। यही वजह है कि जनता के मूल सवालों से ध्यान भटकाने के लिए उनके खिलाफ अनर्गल बयानबाजी की जा रही है।

जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित एक प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेता मनोज यादव, बमभोली सिंह, अशोक लाल, योगेंद्र सिंह योगी और दिनेश यादव ने भाजपा नेताओं के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि राजनीति का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान करना होना चाहिए, न कि व्यक्तिगत आरोप लगाकर राजनीतिक माहौल को दूषित करना। मनोज यादव ने कहा कि धनबाद की जनता आज विस्थापन, पुनर्वास, भू-धंसान, बेरोजगारी और सुरक्षित आवास जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। ऐसे समय में भाजपा नेताओं को इन मुद्दों पर अपनी उपलब्धियां और कार्ययोजना जनता के सामने रखनी चाहिए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष सिंह यदि प्रभावित लोगों की आवाज उठा रहे हैं, तो इसका जवाब सकारात्मक पहल से दिया जाना चाहिए, न कि उनके खिलाफ बयानबाजी करके।

बमभोली सिंह ने कहा कि बारामुड़ी खटाल के प्रभावित परिवारों की समस्याओं को लेकर संतोष सिंह ने पहल की और लोगों के बीच पहुंचकर उनकी पीड़ा सुनी। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब परिवारों के हक और आशियाने की बात उठाने पर कांग्रेस अध्यक्ष को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गरीबों के अधिकारों की लड़ाई से पीछे हटने वाली नहीं है। किसी भी परिवार को उजाड़ने से पहले उसके पुनर्वास और आजीविका की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।

अशोक लाल ने कहा कि धनबाद और पूरे कोयलांचल में विस्थापन तथा भू-धंसान की समस्या वर्षों से बनी हुई है। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित आवास, उचित मुआवजा, रोजगार और सम्मानजनक पुनर्वास उपलब्ध कराना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने सांसद ढुलू महतो से सवाल किया कि कतरास सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को स्थायी राहत दिलाने के लिए अब तक कौन-कौन से ठोस कदम उठाए गए हैं। जनता को आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि अपने सवालों का जवाब चाहिए।

योगेंद्र सिंह योगी ने भाजपा नेताओं की प्रेस वार्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के नाम पर राजनीति करने वाले नेताओं को अपने कार्यों का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने कटाक्ष करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं की प्रेस वार्ता जनसमस्याओं से अधिक अपने वेतन में बढ़ोतरी और ठेकेदारी में कमीशन कम कराने जैसे हितों पर केंद्रित दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा नेता वास्तव में जनहित के प्रति गंभीर हैं, तो उन्हें विस्थापितों, बेरोजगार युवाओं और भू-धंसान प्रभावित परिवारों के सवालों पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

दिनेश यादव ने कहा कि जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष सिंह जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को उठाते हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों, विस्थापितों और प्रभावित परिवारों के अधिकारों की रक्षा करना कांग्रेस की प्राथमिकता है। भाजपा नेताओं को व्यक्तिगत बयानबाजी छोड़कर धनबाद के विकास, रोजगार और पुनर्वास जैसे बुनियादी मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। कांग्रेस जनहित की आवाज उठाती रहेगी और किसी भी दबाव में अपने संघर्ष से पीछे नहीं हटेगी।

भाजपा नेताओं द्वारा जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष सिंह की कथित संपत्ति को लेकर लगाए गए आरोपों पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि किसी के पास भ्रष्टाचार या अवैध संपत्ति से संबंधित ठोस प्रमाण हैं, तो उन्हें संबंधित जांच एजेंसी के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए। केवल राजनीतिक बयानबाजी से किसी पर आरोप सिद्ध नहीं हो जाते। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि संपत्ति की जांच की मांग उठाई जा रही है, तो सांसद ढुल्लू महतो की संपत्ति की भी निष्पक्ष जांच की मांग संबंधित एजेंसियों के समक्ष रखी जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और किसी भी जांच में पारदर्शिता तथा निष्पक्षता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने मटकुरिया गोलीकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि कोयलांचल में जनाधिकारों की लड़ाई का लंबा इतिहास रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष किया है और आज भी जनहित के मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कोयला उद्योग से जुड़ी नीतियों और स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी को लेकर क्षेत्र में गंभीर चिंताएं हैं। भाजपा नेताओं को स्पष्ट करना चाहिए कि विस्थापित परिवारों के पुनर्वास, उचित मुआवजे, रोजगार और सुरक्षित आवास के लिए क्या ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। विशेष रूप से कतरास क्षेत्र में भू-धंसान की समस्या से जूझ रहे परिवारों की सुरक्षा और स्थायी पुनर्वास को लेकर सांसद की भूमिका सार्वजनिक होनी चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि धनबाद को ऐसी राजनीति की जरूरत है, जो लोगों को जोड़ने, स्थानीय समस्याओं का समाधान करने और कोयलांचल के भविष्य को सुरक्षित बनाने का काम करे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी विस्थापन, पुनर्वास, भू-धंसान, रोजगार और गरीबों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की बयानबाजी से कांग्रेस का संघर्ष कमजोर नहीं होगा। जनता की समस्याओं से ध्यान भटकाने की कोशिशों का जवाब कांग्रेस तथ्यों, जनसंघर्ष और जनसेवा के माध्यम से देगी। कांग्रेस की मांग है कि भाजपा नेता व्यक्तिगत आरोपों के बजाय अपने कामकाज का हिसाब दें और धनबाद की जनता के बुनियादी सवालों का जवाब दें।

प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं में मनोज यादव, योगेंद्र सिंह योगी, दिनेश यादव, बमभोली सिंह, अशोक प्रकाश, लाल मंटू दास, राजू दास, मृत्युंजय कुमार सिंह, गंगा वाल्मीकि, अजय कुमार चौधरी, मनोहर दास, रमेश राय, अनूप सिंह, युवक कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य आनंद सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।


धनबाद से युधिष्ठिर की रिपोर्ट