धनबाद : जिले के निरसा स्थित ईसीएल के चापापुर आउटसोर्सिंग में कथित कोयला तस्करी का मामला सामने आया है। शीतलपुर सीआईएसएफ टीम ने रविवार शाम कार्रवाई करते हुए कोयला लदे चार हाइवा जब्त किए। ईसीएल अधिकारी अजय कुमार झा ने बिना अनुमति वाहनों के प्रवेश पर सवाल उठाते हुए मिलीभगत की आशंका जताई है। अब जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस पूरे मामले के पीछे कौन है।
चापापुर आउटसोर्सिंग क्षेत्र से पिछले कई दिनों से 10 चक्का हाइवा के जरिए कोयले की ढुलाई की जा रही थी
बताया जा रहा है कि चापापुर आउटसोर्सिंग क्षेत्र से पिछले कई दिनों से 10 चक्का हाइवा के जरिए कोयले की ढुलाई की जा रही थी। गुप्त सूचना मिलने के बाद सीआईएसएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों वाहनों को जब्त किया और उन्हें थाने ले गई। ईसीएल अधिकारी अजय कुमार झा के अनुसार, बिना अनुमति इतनी बड़ी गाड़ियों का दिनदहाड़े प्रवेश करना गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने मामले में मिलीभगत की आशंका जताई है।
आउटसोर्सिंग के एक मैनेजर का नाम भी सामने आने की चर्चा है
वहीं, सूत्रों के हवाले से आउटसोर्सिंग के एक मैनेजर का नाम भी सामने आने की चर्चा है। हालांकि, उनकी भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि कोयले की ढुलाई वैध थी या अवैध और इस मामले में किन लोगों की भूमिका रही।