तिसरा में अवैध कोयला खदान पर चला बुलडोजर

कोयले की अवैध तस्करी और खनन के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की सख्ती लगातार जारी है। इसी कड़ी में धनबाद के तिसरा थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदकुईयां पंचायत के पांच नंबर इलाके में एक अवैध खदान पर पुलिस और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) का बुलडोजर गरजा।

धनबाद : कोयले की अवैध तस्करी और खनन के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की सख्ती लगातार जारी है। इसी कड़ी में धनबाद के तिसरा थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदकुईयां पंचायत के पांच नंबर इलाके में एक अवैध खदान पर पुलिस और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) का बुलडोजर गरजा। काली मंदिर के पीछे तीन मंजिला मकान के पास संचालित हो रही इस खदान को प्रशासन ने पूरी तरह से भरवाकर बंद कर दिया है। इस संयुक्त कार्रवाई के बाद से आसपास की आवासीय कॉलोनियों के लोगों ने चैन की सांस ली है।

हर वक्त मंडरा रहा था हादसों का खतरा

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस क्षेत्र में लंबे वक्त से बेखौफ होकर अवैध कोयला निकाला जा रहा था। जमीन के भीतर खोखले हो चुके हिस्से के कारण आसपास की घनी आबादी पर हर पल भू-धंसान (जमीन धंसने) और किसी बड़ी अनहोनी का खतरा मंडरा रहा था। लोगों का कहना है कि वे लगातार खौफ के साए में जी रहे थे, लेकिन सुरक्षा बलों की इस सख्त कार्रवाई ने उनकी बड़ी चिंता को दूर कर दिया है।

'जीरो कोल लीकेज' अभियान के तहत हो रही कार्रवाई

केंद्रीय गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत देश भर में 'जीरो कोल लीकेज' अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत सीआईएसएफ अवैध खनन और कोयला चोरी के नेटवर्क को नेस्तनाबूद करने के लिए आक्रामक रुख अपनाए हुए है। तिसरा इलाके में अवैध खदानों को चिन्हित कर उन पर लगातार लगाम कसी जा रही है।

अन्य इलाकों में अब भी सक्रिय हैं धंधेबाज

प्रशासनिक सख्ती के बावजूद कुछ जगहों पर अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, लोदना ओपी क्षेत्र के कुजामा और छलछलिया खिलान धौड़ा कॉलोनी के पीछे स्थित जंगलों में आज भी बड़े पैमाने पर अवैध कोयला खनन का खेल बेधड़क जारी है। यदि समय रहते इन गुप्त ठिकानों पर प्रशासनिक कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है।

धनबाद से युधिष्ठिर महतो की रिपोर्ट