नावाडीह बस्ती में हादसा, छठ तालाब में नहाने के दौरान व्यक्ति डूबा, गोताखोरों की मदद से तलाश जारी

जिले के बिनोद बिहारी महतो चौक अंतर्गत नावाडीह बस्ती के छठ तालाब में रविवार को नहाने के दौरान 42 वर्षीय व्यक्ति डूब गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

धनबाद : जिले के बिनोद बिहारी महतो चौक अंतर्गत नावाडीह बस्ती के छठ तालाब में रविवार को नहाने के दौरान 42 वर्षीय व्यक्ति डूब गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तालाब में तलाश अभियान शुरू कराया गया है।

जामनी पाल उर्फ पचन अपने पिता के श्राद्ध कार्य को लेकर तालाब में पानी देने पहुंचे थे

मिली जानकारी के अनुसार, 42 वर्षीय जामनी पाल उर्फ पचन अपने पिता के श्राद्ध कार्य को लेकर तालाब में पानी देने पहुंचे थे। पानी देने के बाद वह तालाब में नहाने लगे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तालाब में उनकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उनका पता नहीं चल सका। सूचना मिलने पर धनबाद थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

प्रशासन की ओर से भटिंडा से गोताखोरों को बुलाया गया

इसके बाद प्रशासन की ओर से भटिंडा से गोताखोरों को बुलाया गया, जिसके बाद तालाब में लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल गोताखोरों की मदद से जामनी पाल की तलाश जारी है। हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।

धनबाद से नीतीश कुमार की रिपोर्ट