झारखंड के बोकारो से बडी खबर है। यहां गोमिया इलाके में हाथियों के बडे झुंड ने डेरा डाल दिया है। झुंड में करीब 30 हाथी हैं। सबने कई गांवों के आसपाद डेरा डाला हुआ है। इन हाथियों के कारण आसपास के इलाके में दहशत फैल गयी है। वन विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार झारखंड के गोमिया क्षेत्र में हाथियों के बड़े झुंड ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। करीब 30 हाथियों का दल कई गांवों के आसपास डेरा डाले हुए है। खास बात यह है कि झुंड में 2 से 3 गर्भवती हथनियां शामिल हैं, जिसके कारण हाथियों के लंबे समय तक इलाके में रुकने और अधिक आक्रामक होने की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग ने कई गांवों में हाई अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मिली जानकारी के अनुसार गोमिया के गोपो, पालू, बड़की पुन्नू और कुसुमडीह-कानीडीह क्षेत्र के आसपास करीब 30 हाथियों का झुंड मौजूद है। वन विभाग के अनुसार झुंड में गर्भवती हथनियां होने के कारण उनकी गति धीमी है और वे लंबे समय तक इसी क्षेत्र में रह सकते हैं। ऐसे समय में हाथियों के अधिक आक्रामक होने की संभावना रहती है। महुआटांड़, धवईया, सिमराबेड़ा, दरहाबेड़ा, कुसुमडीह, कानीडीह, गागा, टिकाहारा, फुटकाडीह और कंडेर गांवों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से रात में घरों से बाहर नहीं निकलने, हाथियों के पास जाकर फोटो या सेल्फी नहीं लेने और उन्हें भगाने के लिए शोर-शराबा या ट्रैक्टर का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई है।
वन विभाग ने इलाके में दो क्विक रिस्पॉन्स टीम यानी QRT तैनात कर दी हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि हाथियों को परेशान करने या नियमों का उल्लंघन करने वालों पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट