तिरंगे को सलामी की तैयारी पूरी, बोकारो पुलिस लाइन में हुआ फुल ड्रेस रिहर्सल

तिरंगे को सलामी की तैयारी पूरी, बोकारो पुलिस लाइन में हुआ फुल ड्रेस रिहर्सल

बोकारो में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सेक्टर-12 स्थित पुलिस लाइन मैदान में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने गुरुवार को मुख्य समारोह का फुल ड्रेस रिहर्सल कराया। इस दौरान स्वतंत्रता दिवस पर होने वाले सभी प्रमुख कार्यक्रमों का अभ्यास किया गया।

रिहर्सल के दौरान उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने परेड का निरीक्षण किया और जवानों से सलामी ली। उपायुक्त ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत ध्वजारोहण कर समारोह का पूर्वाभ्यास भी किया।

उपायुक्त अजय नाथ झा ने बताया कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह में एक विशेष व्यवस्था लागू की जा रही है। जिलेभर में ध्वजारोहण से पहले राष्ट्रीय गीत का सामूहिक गायन होगा। इसके बाद राष्ट्रगान किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन के बाद भी राष्ट्रीय गीत के गायन का प्रावधान रहेगा। इस व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सभी संबंधित संस्थानों और कार्यक्रम आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।

एसपी नाथू सिंह मीना ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए परेड से जुड़ी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान सामने आई छोटी कमियों को चिन्हित कर जवानों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए हैं।

स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की गई है। पुलिस की टीमें लॉज और होटलों के अलावा प्रमुख चौक-चौराहों पर लगातार जांच अभियान चला रही हैं। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट