बोकारो : बोकारो में सोमवार सुबह बोकारो पावर सप्लाई कंपनी लिमिटेड (BPSCL) के टीपीपी स्थित 11 केवी क्यूबिकल-82 में अचानक फ्लैशओवर होने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सुबह करीब 6:30 बजे हुए इस विद्युत फॉल्ट का असर बोकारो स्टील प्लांट की कई महत्वपूर्ण इकाइयों पर पड़ा। विशेष रूप से ब्लास्ट फर्नेस और उससे जुड़े उपकरणों की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से प्रभावित हुई।
HSM पहले से ही नियोजित शटडाउन में होने के कारण इस घटना से अप्रभावित रहा
हालांकि, बीपीएससीएल और प्लांट प्रबंधन की तत्परता से सुरक्षित तरीके से बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम तेजी से किया गया। सुबह 8:30 बजे तक ब्लास्ट फर्नेस को पूरी तरह सामान्य स्थिति में ला दिया गया। इसके बाद प्रभावित सभी शॉप्स को भी बिजली आपूर्ति की अनुमति दे दी गई। वहीं, हॉट स्ट्रिप मिल (HSM) पहले से ही नियोजित शटडाउन में होने के कारण इस घटना से अप्रभावित रहा।
फिलहाल प्लांट की सभी इकाइयां सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं
फिलहाल प्लांट की सभी इकाइयां सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं। दूसरी ओर, इस घटना के बाद शहरवासियों की परेशानी बनी रही। समाचार लिखे जाने तक बोकारो प्लांट के टाउनशिप एरिया की बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। इससे शहर में बिजली संकट की स्थिति बनी हुई थी।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट