नीट मामला: बीजेपी ने फूंका राहुल गांधी का पुतला, की नारेबाजी

राष्ट्रीय राजधानी नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के समाने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के धरने और संसद में नीट मामले पर चर्चा का विरोध करने को लेकर झारखंड के बोकारो में बीजेपी ने कडा रूख अपनाया है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jul 24, 2026, 8:09:00 PM

राष्ट्रीय राजधानी नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के समाने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के धरने और संसद में नीट मामले पर चर्चा का विरोध करने को लेकर झारखंड के बोकारो में बीजेपी ने कडा रूख अपनाया है। इस क्रम में पार्टी के नेताओं ने शुक्रवार को पुतला दहन भी किया।

बोकारो में शुक्रवार को प्रधानमंत्री आवास के समक्ष राहुल गांधी के धरने और संसद में नीट मामले पर चर्चा का विरोध करने को लेकर भाजपा ने बोकारो में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। नया मोड़ स्थित बिरसा चौक पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी एवं कांग्रेस का पुतला दहन किया। इस दौरान केंद्र सरकार के समर्थन में और कांग्रेस के विरोध में जमकर नारेबाजी की गई।

इस प्रदर्शन में शामिल बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण ने कांग्रेस पर दोहरा चरित्र अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संसद में नीट मामले पर बहस से बच रही है, जबकि झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़े मामलों में सीबीआई जांच की मांग करने के बजाय सीआईडी से जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए कानून बना रहे हैं।

बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट