राहुल से कथित पुलिस दुर्व्यवहार व CEC के इस्तीफे की मांग पर INDIA गठबंधन का प्रदर्शन

बोकारो में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ कथित पुलिस दुर्व्यवहार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर इंडिया गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया।

बोकारो : बोकारो में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ कथित पुलिस दुर्व्यवहार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर इंडिया गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन से पहले कार्यकर्ता गरगा पुल स्थित भारत माता की प्रतिमा के समक्ष जुटे और वहीं से विरोध मार्च शुरू किया। रैली की शक्ल में सभी जिला मुख्यालय पहुंचे और केंद्र सरकार व चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।

ज्ञानेश कुमार ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए लोकतंत्र को कमजोर किया है - कांग्रेस जिलाध्यक्ष

कांग्रेस जिलाध्यक्ष जवाहरलाल महथा ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए लोकतंत्र को कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में भाजपा को सत्ता में पहुंचाने में उनकी भूमिका रही है और उन्हें तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। साथ ही उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। वहीं, इंडिया गठबंधन के नेता राजू दुबे ने कहा कि जिस तरह पूर्व में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन किया गया, उसी तरह ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि दिल्ली में भी लगातार प्रदर्शन किए जा रहे हैं।

बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट