अवैध रूप से चल रहे जुए के अड्डे पर छापा, छह गिरफ्तार, कई सामान जब्त

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jul 15, 2026, 8:05:00 PM

बोकारो पुलिस ने अवैध रूप से चलाये जा रहे जुए के अड्डे पर बडी कार्रवाई की है। पुलिस ने बुधवार को ऐसे अड्डों पर छापेमारी की। इस दौरान मौके से कई लोगों को गिरफ्तार किया गया जबकि कई सामानों को जब्त भी किया गया। पुलिस का कहना है कि आगे भी कार्रवाई चलती रहेगी।

मिली जानकारी के अनुसार जिले के चास थाना द्वारा जुए के अड्डे पर छापेमारी की गयी। पुलिस को यह सूचना मिली थी कि चास थाना  क्षेत्र के नूरी कब्रिस्तान के समीप तालाब किनारे अध निर्मित मकान में जुए का अड्डा चल रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की और चल रहे अड्डे पर छापा मारा। इसमें  मौके से छह लोगों को गिरफ्तार किया। जबकि दस मोटरसाइकिल, 36 हजार रूपये कैश तथा जुआ संचालन में प्रयुक्त ताश के पत्ते, कैलकुलेटर और रजिस्टर इत्यादि को जब्त किया गया। चास एएसपी ने बताया कि लंबे समय इस अड्डे के बारे में गुप्त सूचना मिल रही थी। जिसके सत्यापन के बाद पुलिस टीम के द्वारा छापेमारी की गई।

पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि इस जुआ के अड्डे के संचालक को लेकर जांच चल रही है। जैसे ही उसकी पहचान होगी, गिरफ्तार किया जाएगा। एएसपी ने साफ निर्देश दिया कि चास  क्षेत्र में जितने भी अवैध तरीके से जुआ अड्डा संचालन की सूचना मिलती है तो उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट