बोकारो जिले के बिरसा चौक नया मोड़ में हल्द्वानी की घटना को लेकर कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। बोकारो जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष जवाहर लाल महथा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार का बोकारो के नयामोड़ में देश के प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर विरोध जताया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष जवाहर लाल महथा ने हल्द्वानी में हुई घटना को मानवता को शर्मसार करने वाली घटना बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जिस साहस के साथ इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी, उससे भाजपा और संघ से जुड़े लोगों को सीख लेने की जरूरत है।
महथा ने आरोप लगाया कि सीख लेने के बजाय राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई, जो भाजपा की मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐसे हथकंडों से डरने वाली नहीं है और लोकतांत्रिक तरीके से इसका मुकाबला करेगी।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट