बोकारो। बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के सुरक्षा विभाग में निजी सुरक्षा एजेंसियों के सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की संभावित योजना के विरोध में गृह रक्षकों ने आवाज बुलंद की है। इस संबंध में उपायुक्त से हस्तक्षेप कर निजी सुरक्षाकर्मियों की नियुक्ति पर पूर्ण रोक लगाने की मांग की गई है।
गृह रक्षकों का कहना है कि पिछले 46 वर्षों से करीब 400 जवान बीएसएल के विभिन्न प्रतिष्ठानों, अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्र, जैविक उद्यान, स्कूल, नगर सेवा भवन और अधिकारियों के आवास सहित कई स्थानों पर सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। प्लांट क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कुछ अधिकारी निजी सुरक्षा एजेंसियों को लाभ पहुंचाने के लिए गृह रक्षकों के खिलाफ भ्रामक रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। गृह रक्षकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है बीएसएल से 400 जवानों को हटाने से उनके परिवारों की आजीविका पर गंभीर संकट खड़ा हो सकता है। अब देखना है कि जिला प्रशासन इस मांग पर क्या कदम उठाता है।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट