बोकारो। बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) प्रबंधन द्वारा निजी सुरक्षा गार्डों को बहाल करने और पहले से तैनात होमगार्ड जवानों को हटाने की कथित तैयारी के खिलाफ जवानों का गुस्सा फूट पड़ा है। बड़ी संख्या में होमगार्ड जवानों ने बोकारो उपायुक्त (डीसी) कार्यालय पहुंचकर इस निर्णय का कड़ा विरोध जताया और उपायुक्त को एक मांग पत्र सौंपकर निजी सुरक्षा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
होमगार्ड जवान रुपांजलि ने बताया कि वे लंबे समय से बीएसएल में पूरी ईमानदारी के साथ 24 घंटे अपनी सेवाएं दे रही हैं। हर कठिन परिस्थिति और धरना-प्रदर्शन के दौरान भी जवानों ने ड्यूटी निभाई है, यहाँ तक कि कर्तव्य पालन के दौरान उन्हें गंभीर चोटें आई और बाद में पैर काटना पड़ा, और अभी कृत्रिम पैर लगाकर बीएसएल में ड्यूटी कर रही है। इसके बावजूद उन्हें हटाकर निजी सुरक्षा गार्ड लाने की तैयारी समझ से परे है।
वहीं, महिला जवान गायत्री देवी ने कहा कि वे वर्ष 1990-91 से बीएसएल में तैनात हैं और 1996-97 के आंदोलनों के दौरान भी टेंट लगाकर ड्यूटी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीएसएल में 600 जवानों के नाम पर 400 जवानों से काम लिया जा रहा है और शेष 200 जवानों का कोई हिसाब नहीं है। बिना किसी स्पष्ट कारण या वैकल्पिक व्यवस्था की जानकारी दिए जवानों को हटाने से उनकी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है।
एक अन्य होमगार्ड जवान ने बताया कि वर्ष 1984 से गृह रक्षक बीएसएल की सुरक्षा संभाल रहे हैं। वर्ष 2010 में भी उन्हें हटाने का प्रयास हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नए अधिकारी निजी लाभ के लिए निजी एजेंसियों को बढ़ावा देना चाहते हैं।
जवानों ने स्पष्ट मांग की है कि बीएसएल में निजी सुरक्षा गार्डों की बहाली रोकी जाए और यदि प्रबंधन को गन मैन या अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की आवश्यकता है, तो होमगार्ड विभाग से ही जवानों की सेवा ली जाए।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट