महारत्न सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) में चेयरमैन अमरेंदु प्रकाश को लेकर चल रही चर्चाओं पर गुरुवार को नया मोड़ आ गया। सार्वजनिक उपक्रम चयन बोर्ड (PSEB) ने सेल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (CMD) पद के लिए औपचारिक रूप से आवेदन आमंत्रित कर दिए हैं। सेल, अनुसूची ‘ए’ श्रेणी की केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र की इकाई है।
इस कदम के बाद अमरेंदु प्रकाश के पद छोड़ने की संभावनाओं को लेकर पिछले कई हफ्तों से चल रही अटकलों को काफी हद तक बल मिला है।
बताया जा रहा है कि जनवरी के पहले सप्ताह से ही सेल मुख्यालय और इसकी विभिन्न स्टील इकाइयों में अमरेंदु प्रकाश के संभावित इस्तीफे को लेकर चर्चाएं तेज थीं। हालांकि, लंबे समय तक कंपनी की ओर से इस विषय में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया और सार्वजनिक रूप से यह संकेत दिया जाता रहा कि स्थिति पूरी तरह सामान्य है। इसके बावजूद अंदरखाने हलचल बनी रही।
यह मामला 31 जनवरी को फिर चर्चा में आया, जब पीईएसबी की आधिकारिक वेबसाइट से सेल चेयरमैन के रूप में अमरेंदु प्रकाश का नाम हटा दिया गया। हालांकि, मीडिया में रिपोर्ट आने से पहले ही पीईएसबी ने वेबसाइट पर उनका नाम दोबारा अपडेट कर दिया।
पहले वेबसाइट पर उनका कार्यकाल अप्रैल 2026 तक दिखाया गया, जिसे बाद में संशोधित कर 2028 कर दिया गया। इसके बाद कुछ समय के लिए चर्चाएं शांत पड़ गई थीं।
इसी बीच 5 फरवरी को पीईएसबी द्वारा जारी नई अधिसूचना ने पूरे घटनाक्रम को फिर से चर्चा के केंद्र में ला दिया। अधिसूचना के अनुसार, सेल के CMD पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जिससे नेतृत्व परिवर्तन की संभावना को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं।