बोकारो में ACB का बड़ा एक्शन, रिश्वत लेते रंगे हाथ धराये बालीडीह थाना के ASI अयूब अंसारी

बोकारो में ACB का बड़ा एक्शन, रिश्वत लेते रंगे हाथ धराये बालीडीह थाना के ASI अयूब अंसारी

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : May 26, 2026, 4:13:00 PM

झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बोकारो में पुलिस विभाग से जुड़े एक अधिकारी को घूस लेते हुए गिरफ्तार किया है। धनबाद एसीबी की टीम ने बालीडीह थाना में तैनात एएसआई अयूब अंसारी को नया मोड़ क्षेत्र में ट्रैप कर दबोचा। आरोप है कि उन्होंने एक आपराधिक मामले में लाभ पहुंचाने के बदले पैसे की मांग की थी।

सूत्रों के मुताबिक, अयूब अंसारी एक दर्ज मामले की जांच कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने केस डायरी को आरोपी के पक्ष में कमजोर करने और कार्रवाई में राहत देने के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता ने पैसे देने के बजाय इसकी जानकारी एसीबी को दे दी।

मामले की शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने प्रारंभिक जांच कराई। सत्यापन में आरोप सही पाए जाने पर अधिकारियों ने विशेष टीम बनाई और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने की योजना तैयार की। तय रणनीति के अनुसार शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम लेकर नया मोड़ पहुंचा, जहां एएसआई ने पैसे स्वीकार किए। इसी दौरान पहले से निगरानी कर रही एसीबी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया।

छापेमारी के दौरान टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत की राशि बरामद की। इसके बाद वैज्ञानिक प्रक्रिया के तहत उनके हाथ धुलवाए गए, जिसमें इस्तेमाल किया गया घोल गुलाबी हो गया। अधिकारियों ने इसे घूस की रकम के संपर्क में आने का अहम सबूत बताया।

गिरफ्तारी के बाद एसीबी अधिकारी आरोपी एएसआई को पूछताछ के लिए धनबाद ले गए। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में चर्चा तेज हो गई है। एसीबी ने स्पष्ट किया है कि राज्य में भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषी पाए जाने वाले किसी भी सरकारी कर्मी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।