बोकारो के सेक्टर-6 थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बोकारो स्टील सिटी कॉलेज के नजदीक झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिला। सुबह टहलने निकले लोगों ने सबसे पहले शव देखा और तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही सेक्टर-6 थाना की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक पड़ताल में महिला की बेरहमी से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे प्रतीत होता है कि सिर कुचलकर वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच आंकी गई है, लेकिन अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। महिला के कपड़ों और सामान्य रहन-सहन को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि वह किसी ग्रामीण क्षेत्र की रहने वाली हो सकती है, हालांकि पुष्टि पहचान के बाद ही संभव होगी।
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी थाना प्रभारी सुदामा दास और सेक्टर-6 थाना प्रभारी संगीता ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और हाल के दिनों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से भी इस घटना का संबंध तलाशा जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है। पुलिस घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाने में लगी है, ताकि जल्द से जल्द अपराध में शामिल लोगों तक पहुंचा जा सके।